पंचकूला , जुलाई 28 -- हरियाणा के पंचकुला में घरेलू हिंसा, शारीरिक उत्पीड़न, मानसिक प्रताड़ना या किसी भी तरह की हिंसा का सामना कर रहीं महिलाओं और बालिकाओं को अब मदद के लिए अलग-अलग दफ्तरों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। पंचकूला में संचालित वन स्टॉप सेंटर के माध्यम से पीड़ित महिलाओं को पुलिस सहायता, कानूनी परामर्श, चिकित्सा सुविधा, मनोवैज्ञानिक काउंसलिंग और जरूरत पड़ने पर सुरक्षित अस्थायी आश्रय जैसी सभी जरूरी सेवाएं एक ही स्थान पर चौबीसों घंटे उपलब्ध कराई जा रही हैं।

जिला प्रशासन ने महिलाओं से अपील की है कि किसी भी प्रकार की हिंसा, उत्पीड़न या संकट की स्थिति में बिना किसी झिझक के वन स्टॉप सेंटर की सेवाओं का लाभ उठाएं। यह केंद्र सेक्टर-16 स्थित डिस्पेंसरी के निकट चौबीसों घंटे संचालित हो रहा है।

प्रशासन के अनुसार यदि कोई महिला घरेलू हिंसा, शारीरिक शोषण, प्रताड़ना या किसी अन्य संकटपूर्ण परिस्थिति का सामना कर रही है तो वह सीधे वन स्टॉप सेंटर पहुंच सकती है। इसके अलावा महिला हेल्पलाइन 181, आपातकालीन नंबर 112 अथवा अन्य माध्यमों से भी सहायता प्राप्त की जा सकती है।

केंद्र में प्रशिक्षित विशेषज्ञों द्वारा कानूनी सलाह के साथ-साथ मनोवैज्ञानिक परामर्श भी उपलब्ध कराया जाता है, ताकि पीड़ित महिलाएं मानसिक रूप से मजबूत होकर अपने अधिकारों के लिए आगे आ सकें। जिन महिलाओं के पास तत्काल सुरक्षित ठहरने की व्यवस्था नहीं होती, उन्हें यहां पांच दिन तक निःशुल्क अस्थायी आश्रय भी उपलब्ध कराया जाता है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित