चंडीगढ़ , मई 29 -- पंजाब के पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं गुरदासपुर से सांसद सुखजिंदर सिंह रंधावा ने शुक्रवार को निकाय चुनावों में कांग्रेस के प्रदर्शन पर पंजाब की जनता का आभार जताते हुए कहा है कि यह केवल चुनावी जीत नहीं, बल्कि लोकतंत्र, सच्चाई और जनशक्ति की जीत है।

श्री रंधावा ने आरोप लगाया कि पूरे चुनाव के दौरान आम आदमी पार्टी सरकार ने सत्ता और सरकारी मशीनरी का दुरुपयोग किया, हिंसा को बढ़ावा दिया और लोकतांत्रिक मूल्यों को कुचलने की कोशिश की। इसके बावजूद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने हिम्मत नहीं हारी और जनता ने सच्चाई का साथ दिया। उन्होंने कहा कि यदि चुनाव निष्पक्ष माहौल में कराये जाते और सत्ता का दबाव नहीं होता, तो कांग्रेस की जीत और अधिक बड़ी तथा ऐतिहासिक होती। रंधावा ने कहा कि पंजाब की जनता अब झूठे प्रचार, विज्ञापनों और राजनीतिक ड्रामेबाजी से तंग आ चुकी है और लोग काम तथा सच्चाई की राजनीति चाहते हैं, जो केवल कांग्रेस दे सकती है।

कांग्रेस सांसद ने आरोप लगाया कि चुनावों के दौरान कई शहरों और इलाकों में हिंसा की घटनाएं सामने आईं। कांग्रेस उम्मीदवारों और कार्यकर्ताओं को डराने-धमकाने की कोशिश की गई। कई जगह समर्थकों के साथ मारपीट हुई, वाहनों को निशाना बनाया गया और जानलेवा हमले तक किए गए। उन्होंने कहा कि सत्ता के संरक्षण में गुंडागर्दी का खुला खेल चलता रहा, लेकिन कांग्रेस कार्यकर्ता झुके नहीं।

श्री रंधावा ने कहा कि आम आदमी पार्टी ने प्रशासनिक अधिकारियों और पुलिस का राजनीतिक हथियार की तरह इस्तेमाल किया। कई स्थानों पर कांग्रेस समर्थकों को बूथों तक पहुंचने से रोकने की शिकायतें भी मिलीं। इसके बावजूद कांग्रेस ने मजबूती से चुनाव लड़ा और प्रभावशाली प्रदर्शन किया। उन्होंने भाजपा पर भी निशाना साधते हुए कहा कि पंजाब के लोगों ने भाजपा को पूरी तरह नकार दिया है। उन्होंने दावा किया कि शहरी मतदाता भी भाजपा से दूरी बना रहे हैं और अधिकांश स्थानों पर पार्टी उम्मीदवारों की जमानत जब्त हो गयी।

श्री रंधावा ने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा लोकतंत्र, संविधान और पंजाब के हितों की रक्षा के लिए संघर्ष करती रहेगी। उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं की बहादुरी और समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि धमकियों, हिंसा और हमलों के बावजूद जिन्होंने पार्टी का झंडा बुलंद रखा, वहीं कांग्रेस की असली ताकत हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित