भोपाल , जनवरी 21 -- मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में गोमांस तस्करी के कथित मामलों को लेकर बुधवार को हिंदू संगठनों ने महापौर मालती राय के बंगले का घेराव कर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने महापौर के इस्तीफे की मांग करते हुए नगर निगम पर गोकशी और अवैध मांस कारोबार के संरक्षण का आरोप लगाया।
बजरंग दल और अन्य संगठनों के कार्यकर्ताओं ने महापौर आवास के बाहर लगे होर्डिंग्स और नेम प्लेट पर स्याही पोत दी तथा महापौर की तस्वीर पर स्याही से दाढ़ी बनाकर प्रतीकात्मक विरोध दर्ज कराया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने महापौर को "मुल्ला मालती राय" कहकर नारेबाजी की और बंगले के बाहर हनुमान चालीसा का पाठ भी किया।
हिंदू संगठनों का कहना है कि यह विरोध नगर निगम की निष्क्रियता और स्लॉटर हाउस में कथित गोकशी के मामलों में कार्रवाई न होने के खिलाफ है। संगठनों ने आरोप लगाया कि शहर में लंबे समय से गोमांस तस्करी का संगठित नेटवर्क सक्रिय है, जो नगर निगम के संरक्षण के बिना संभव नहीं है।
प्रदर्शनकारियों ने 17 दिसंबर 2025 को पीएचक्यू के सामने पकड़े गए मांस से भरे ट्रक का हवाला देते हुए कहा कि उस मामले में स्लॉटर हाउस संचालक असलम चमड़ा को जेल भेजा गया, लेकिन यह केवल एक कड़ी है और पूरा नेटवर्क अब भी सक्रिय है।
एसीपी अंकिता खातरकर ने बताया कि यह प्रदर्शन बिना अनुमति के किया गया है, इसलिए संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की जाएगी। वहीं, हिंदू संगठनों ने चेतावनी दी है कि जब तक पूरे नेटवर्क और जिम्मेदारों पर सख्त कार्रवाई नहीं होती, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित