चित्तौड़गढ़ , मार्च 14 -- राजस्थान में चित्तौड़गढ़ में आगामी हिंदू नव वर्ष के अवसर पर शोभायात्रा के साथ विविध समारोह को भव्यता प्रदान करने के लिए वृहद स्तरीय तैयारियां प्रारम्भ कर दी गई हैं।

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रचार विभाग के संजय खाबिया ने शनिवार को बताया कि संघ चालक हेमंत कुमार जैन के आतिथ्य में विविध संगठनों की एक बैठक आयोजित की गई जिसमें तय किया गया कि प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी 19 मार्च को मुख्य समारोह के रूप में इंदिरा गांधी स्टेडियम से विशाल शोभायात्रा निकाली जाएगी।

उन्होंने बताया कि शोभायात्रा में सर्व हिंदू समाज के महापुरुषों की झांकियां, उज्जैन महाकाल की सजीव झांकी, भारत माता की झांकियां आकर्षण का केंद्र रहेगी। जबकि सभी विद्यालयों, धार्मिक मंडल, प्रभात फेरियां एवं अन्य झांकियां और सर्व हिंदू समाज के महिला पुरुषों की बड़ी संख्या में भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। सुबह शहर भर में कई स्थानों पर प्रसाद वितरण एवं शाम को सुभाष चौक पर भारत माता की आरती का आयोजन रखा गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित