जशपुर , अक्टूबर 19 -- छत्तीसगढ़ में जशपुर जिले के कुनकुरी थाना क्षेत्र में सोशल मीडिया पर हिंदू देवी-देवताओं, ऋषि-मुनियों और धर्मग्रंथों के संबंध में आपत्तिजनक पोस्ट डालने के आरोप में एक शिक्षक को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
आरोपी की पहचान हेमंत कुमार बेदी (52) के रूप में हुई है, जो बगीचा ब्लॉक के कूदमुरा स्थित मिडिल स्कूल में पदस्थ शिक्षक हैं।
पुलिस से आज मिली जानकारी के अनुसार गत 17 अक्टूबर को चराईडांड़ निवासी करनैल सिंह (54) विश्व हिंदू परिषद के जिलाध्यक्ष हैं। उन्होंने कुनकुरी थाने में शिकायत दर्ज कराई। जिसमें शिकायतकर्ता ने बताया कि उन्होंने 15 अक्टूबर को फेसबुक पर हेमंत बेदी नाम के अकाउंट से एक पोस्ट देखी थी, जिसमें हिंदू धर्मग्रंथों, देवी-देवताओं और ऋषि-मुनियों के बारे में आपत्तिजनक एवं विवादित टिप्पणियां की गई थीं।
शिकायत में आरोप लगाया गया कि इस पोस्ट से हिंदू समाज की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं और समाज में आक्रोश की स्थिति उत्पन्न हो सकती है। शिकायतकर्ता ने संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की मांग की थी।
शिकायत के बाद कुनकुरी पुलिस ने जांच शुरू की और आरोपी को भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 35(3) के तहत नोटिस देने के लिए उनके गांव कांसाबेल स्थित ग्राम बिहावत पहुंची। पुलिस टीम को देखकर आरोपी ने भागने का प्रयास किया, लेकिन टीम ने उसे पकड़ लिया।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपनी गलती स्वीकार की। पुलिस ने पोस्ट करने में इस्तेमाल किए गए मोबाइल फोन को जब्त किया और 17 अक्टूबर को ही आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया। प्रकरण में आगे की जांच जारी है।।
एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देश, एएसपी राकेश कुमार पाटनवार के मार्गदर्शन और एसडीओपी कुनकुरी राजेश कुमार साहू के पर्यवेक्षण में यह कार्रवाई की गई। थाना प्रभारी निरीक्षक भूपेन्द्र कुमार चंद्रा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने शिकायतकर्ता एवं गवाहों के बयान दर्ज किए।
एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने आज कहा कि सोशल मीडिया पर धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाली आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित करना गंभीर विषय है। उन्होंने कहा कि धार्मिक सौहार्द बिगाड़ने या समाज में वैमनस्य फैलाने के प्रयास करने वालों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित