पटना , सितम्बर 14 -- माहरणालय सभागार, पटना में जिलाधिकारी कुंदन कुमार की अध्यक्षता में हिंदी दिवस मनाया गया।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी कुंदन कुमार ने कहा कि हिंदी केवल संवाद - संप्रेषण की भाषा नहीं, बल्कि भारत के जनमानस, उनकी सभ्यता, संस्कृति और संवेदनाओं से गहराई से जुड़ी भाषा है।यह आम लोगों की अभिव्यक्ति का सहज और सशक्त माध्यम है। हिंदी की सरलता, सहजता और आत्मीयता उसे जन-जन के हृदय से जोड़ती है।

श्री कुमार ने कहा कि हिंदी में उत्कृष्ट एवं समृद्ध साहित्य का निरंतर सृजन हो रहा है. उन्होंने नई पीढ़ी को हिंदी भाषा और साहित्य से जुड़ने की अपील की। वर्तमान समय में शिक्षा, प्रशासन, तकनीक, संचार सहित विभिन्न क्षेत्रों में हिंदी का प्रयोग निरंतर बढ़ रहा है।

जिलाधिकारी ने कहा कि हिंदी हमारी सांस्कृतिक विरासत और राष्ट्रीय चेतना की महत्वपूर्ण संवाहक भाषा है।

उप विकास आयुक्त शुभम कुमार ने हिंदी के विकास तथा बदलते समय में इसकी प्रासंगिकता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि हिंदी आम जनता की भावनाओं और विचारों की अभिव्यक्ति का सशक्त माध्यम है। उन्होंने प्रशासनिक कार्यों में सरल एवं सहज हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग पर बल दिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित