चंडीगढ़ , मई 21 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ ने गुरुवार को पंजाब की आम आदमी पार्टी (आप) सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि भगवंत मान सरकार चुनावी हार के डर से लोकतंत्र की हत्या कर रही है।
उन्होंने कहा कि पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय में चुनाव आयोग द्वारा दाखिल हलफनामे ने सरकार के "ईवीएम की कमी" वाले दावे की पोल खोल दी है।
श्री चुघ ने कहा कि चुनाव आयोग ने फरवरी 2026 में ही पंजाब सरकार को स्पष्ट कर दिया था कि ईवीएम उपलब्ध हैं, लेकिन राज्य सरकार लगातार मशीनों की कमी का बहाना बनाती रही। उन्होंने आरोप लगाया कि यह प्रशासनिक लापरवाही नहीं बल्कि सुनियोजित साजिश थी। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग ने जयपुर से 12,280 ईवीएम मशीनें पंजाब भेज दी हैं, जो गुरुवार दोपहर तक राज्य पहुंचने की संभावना है। उन्होंने कहा कि इससे यह साफ हो गया है कि पंजाब सरकार मतदाताओं के जनादेश को "लूटने" की कोशिश कर रही थी।
भाजपा नेता ने कहा कि लोकतंत्र को पंजाब में 'लाठी के जोर' पर चलाया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि आप निष्पक्ष चुनाव से डर रही है और इसलिए बैलेट पेपर के जरिए चुनाव करवाने पर जोर दे रही थी। उन्होंने दावा किया कि स्थानीय निकाय चुनावों में बैलेट पेपर के जरिए बूथ कैप्चरिंग और मतगणना में हेरफेर की संभावना अधिक रहती है, जबकि ईवीएम ऐसी गड़बड़ियों को रोकती हैं।
मान सरकार पर निशाना साधते हुए श्री चुघ ने कहा कि सरकार जनता से किये गये वादे पूरे करने में विफल रही है और अब जनता का विश्वास खो चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार वोट कमाने के बजाय 'वोट चुराने' की कोशिश कर रही है।
श्री चुघ ने उच्च न्यायालय से अपील करते हुए कहा कि जिन उम्मीदवारों के नामांकन पत्र कथित रूप से गलत तरीके से रद्द किये गये या जिन्हें दबाव बनाकर चुनाव मैदान से हटाया गया, उन्हें दोबारा मौका दिया जाना चाहिए। उन्होंने मांग की कि चुनाव आयोग ऐसे सभी उम्मीदवारों के नामांकन बहाल करे। भाजपा नेता ने कहा कि चुनाव आयोग के हलफनामे और पत्राचार की श्रृंखला से यह स्पष्ट हो गया है कि आप चुनाव शुरू होने से पहले ही जनता के जनादेश को प्रभावित करने की कोशिश कर रही थी। उन्होंने मांग की कि पंजाब में नगर निकाय चुनाव तुरंत ईवीएम के जरिए करवाये जायें और इस पूरे मामले के लिए मान सरकार को जवाबदेह ठहराया जाये।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित