राजनीति भाजपा रायवाराणसी , जून 3 -- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबंध में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय द्वारा की गई टिप्पणी को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) वाराणसी जिला एवं महानगर इकाई ने बुधवार को कचहरी स्थित जिला मुख्यालय पर आक्रोश सभा आयोजित की। नेताओं ने इसे प्रधानमंत्री, काशी की जनता और लोकतांत्रिक मर्यादाओं का अपमान बताते हुए अजय राय के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की।
भाजपा काशी क्षेत्र अध्यक्ष दिलीप पटेल की अध्यक्षता में आयोजित सभा में प्रदेश सरकार के मंत्रियों, विधायकों, जनप्रतिनिधियों एवं संगठन पदाधिकारियों ने कांग्रेस और उसके नेतृत्व के खिलाफ तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की। सभा के बाद मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन अपर जिलाधिकारी (नगर) राजेश कुमार को सौंपा गया।
सभा को संबोधित करते हुए प्रदेश सरकार में स्वतंत्र प्रभार राज्यमंत्री रविंद्र जायसवाल ने कहा कि चुनावों में लगातार पराजय का सामना करने से हताश होकर अजय राय ने मानसिक संतुलन खो दिया है। उन्होंने कहा कि जो व्यक्ति विधानसभा चुनाव तक नहीं जीत सका, वह प्रधानमंत्री के खिलाफ चुनाव लड़कर जीत का सपना देख रहा है, जो इस जन्म में पूरा नहीं हो सकता।
उन्होंने आरोप लगाया कि राजनीतिक लाभ के लिए बार-बार दल बदलने वाले अजय राय अब अमर्यादित भाषा का प्रयोग कर रहे हैं, जिसका जवाब जनता आगामी चुनावों में देगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित