भोपाल , अक्टूबर 27 -- मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल स्थित राजा भोज विमानतल पर मंगलवार को दिल्ली जाने वाली इंडिगो की उड़ान की हार्ड लैंडिंग के बाद विमान को तकनीकी जांच के लिए रोक दिया गया। जांच के चलते उड़ान निर्धारित समय पर रवाना नहीं हो सकी। विमान के शाम 4:30 बजे रवाना होने की जानकारी दी गई है।
विमानतल अधिकारियों के अनुसार, हार्ड लैंडिंग के बाद विमान की तकनीकी जांच करना निर्धारित प्रक्रिया का हिस्सा है। पायलट को विमान के रनवे पर अपेक्षा से अधिक जोर से उतरने का अनुभव होने पर इसकी जानकारी इंजीनियरिंग टीम को दी जाती है। इसके बाद विमान की जांच की जाती है और आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद ही उसे दोबारा उड़ान भरने की अनुमति दी जाती है।
जानकारी के अनुसार, केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान और भारतीय जनता पार्टी के सोशल मीडिया के राष्ट्रीय संयोजक दीपक म्हस्के को भी इसी उड़ान से दिल्ली जाना था। उड़ान में देरी के कारण यात्रियों को विमानतल पर इंतजार करना पड़ा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित