ग्वालियर , अक्टूबर 27 -- दीपावली पर हादसों की आशंका के मद्देनजर कैल्शियम कार्बाइड के भंडारण और बिक्री पर प्रतिबंध के बावजूद ग्वालियर में इसका स्टॉक मिलने पर पुलिस ने कार्रवाई की है। बहोड़ापुर थाना पुलिस ने टीपी नगर स्थित छारिया हार्डवेयर स्टोर के गोदाम से 45 किलो 310 ग्राम कैल्शियम कार्बाइड जब्त किया है। पुलिस ने गोदाम संचालक अनिल कुमार छारिया (53) के खिलाफ कलेक्टर के आदेश की अवहेलना के आरोप में भारतीय न्याय संहिता की धारा 223(ए) के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, टीम बीट भ्रमण पर थी, तभी राधे-राधे होटल के पास मुखबिर से सूचना मिली कि पार्किंग नंबर-1, टीपी नगर स्थित छारिया हार्डवेयर स्टोर के गोदाम में बिक्री के लिए कैल्शियम कार्बाइड रखा गया है। सूचना की पुष्टि के लिए पुलिस टीम मौके पर पहुंची। वहां गोदाम संचालक अनिल कुमार छारिया मिला। तलाशी के दौरान गोदाम में रखे लोहे के ड्रम से कैल्शियम कार्बाइड बरामद हुआ। तौल कराने पर उसका वजन 45 किलो 310 ग्राम निकला।
पुलिस ने संचालक से कैल्शियम कार्बाइड के भंडारण और बिक्री संबंधी लाइसेंस मांगा, लेकिन उसने लाइसेंस नहीं होने की बात कही। पुलिस के मुताबिक, वह इस संबंध में संतोषजनक जवाब भी नहीं दे सका।
पुलिस ने बताया कि जिला कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट ने 22 अक्टूबर 2026 को जारी आदेश में कैल्शियम कार्बाइड के निर्माण, भंडारण और क्रय-विक्रय पर प्रतिबंध लगाया था। इसके बावजूद गोदाम में इसका स्टॉक मिलने पर पुलिस ने आदेश की अवहेलना के आरोप में कार्रवाई की है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित