हापुड़ , नवंबर 08 -- उत्तर प्रदेश की हापुड़ जिलाधिकारी कविता मीना की कार्यशैली इन दिनों हापुड़ ही नहीं, पश्चिमी उत्तर प्रदेश के प्रशासनिक और सामाजिक हलकों में चर्चा का विषय बनी हुई है। दीपावली पर उन्होंने परिवार सहित बाज़ार जाकर कुम्हारों से मिट्टी के दीये खरीदे और स्वर्ग आश्रम रोड स्थित वृद्धाश्रम पहुंचकर बुजुर्गों के साथ पर्व मनाया। दूसरी ओर गढ़मुक्तेश्वर के कार्तिक पूर्णिमा गंगा मेले की तैयारियां भी समय से काफी पहले शुरू हो जाने से जिला प्रशासन की सक्रियता को सराहा जा रहा है।
दीपावली पर जिलाधिकारी अपने परिवार के साथ बाज़ार पहुंचीं और सड़क किनारे लगी स्थानीय दुकानों से मिट्टी के दीपक, पूजा सामग्री तथा अन्य सामान खरीदा। उन्होंने कुम्हारों और छोटे दुकानदारों से आत्मीयता से बात कर उन्हें पर्व की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि त्योहार स्थानीय कारीगरों, कुम्हारों और छोटे व्यापारियों के लिए खुशहाली लेकर आता है, इसलिए पर्व पर स्थानीय और स्वदेशी उत्पादों को प्राथमिकता दी जानी चाहिए। वोकल फॉर लोकल का संदेश देते हुए उन्होंने कहा कि स्थानीय दुकानदारों से खरीदारी करने पर उनके रोज़गार और आर्थिक स्थिति को मजबूती मिलती है। यह इसलिए भी उल्लेखनीय है कि बाज़ार में बिजली की झालरों और सजावटी सामान की बढ़ती मांग के बीच मिट्टी के दीये बनाने वाले कारीगरों की आमदनी सिमटती गई है।
इसी क्रम में जिलाधिकारी स्वर्ग आश्रम रोड स्थित वृद्धाश्रम पहुंचीं, जहां उन्होंने बुजुर्गों को मिठाई, फल, वस्त्र और उपहार भेंट किए, उनका हालचाल जाना और उनके साथ दीप प्रज्ज्वलित कर शुभकामनाएं दीं। उन्होंने बुजुर्गों को समाज की अमूल्य धरोहर बताया और वृद्धाश्रम प्रबंधन को उनके स्वास्थ्य, पौष्टिक भोजन, स्वच्छता और अन्य आवश्यक सुविधाओं का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। अपने बीच जिलाधिकारी को पाकर बुजुर्गों ने उन्हें आशीर्वाद दिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित