भिवानी , अप्रैल 13 -- हरियाणा के भिवानी सड़क सुरक्षा को लेकर डीआरडीए सभागार में सांसद धर्मबीर सिंह की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक की गयी। बैठक में उन्होंने संबंधित विभागों को सड़कों पर बने गड्ढों को तुरंत भरने और हादसा संभावित स्थानों पर साइन बोर्ड लगाने के निर्देश दिये, ताकि दुर्घटनाओं में कमी लायीजा सके। उन्होंने कहा कि सड़क हादसों में घायल लोगों को पीएम राहत योजना के तहत 1.50 लाख रुपये तक कैशलेस इलाज की सुविधा सुनिश्चित की जाये।

बैठक में उपायुक्त साहिल गुप्ता भी मौजूद रहे। सांसद ने अधिकारियों को निर्देश दिये कि राष्ट्रीय एवं राज्य राजमार्ग पर दुर्घटना संभावित स्थानों की पहचान कर वहां साइन बोर्ड, स्पीड ब्रेकर व अन्य आवश्यक उपाय किये जायें। उन्होंने कहा कि बढ़ते सड़क हादसे चिंता का विषय हैं और इन्हें रोकने के लिए ठोस कदम उठाना जरूरी है।

उन्होंने विशेष रूप से युवाओं को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने पर जोर दिया और कहा कि लाइसेंस प्रशिक्षण के दौरान भी नियमों की जानकारी दी जाये। समीक्षा में बताया गया कि जनवरी से मार्च तक जिले में 75 सड़क हादसे हुए, जिनमें 28 लोगों की मौत हुई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित