जगदलपुर , अप्रैल 01 -- छत्तीसगढ़ में बस्तर के जगदलपुर स्थित धरमपुरा क्रीड़ा परिसर में आयोजित खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स के एथलेटिक्स मुकाबलों में 01 अप्रैल को विभिन्न स्पर्धाओं में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए रोमांचक मुकाबले पेश किए। मेजबान छत्तीसगढ़ के खिलाड़ियों ने भी राष्ट्रीय मंच पर अपनी उपस्थिति दर्ज कराते हुए पदक हासिल किए।
30 मार्च से प्रारंभ इस आयोजन में पुरुष वर्ग की 800 मीटर दौड़ में छत्तीसगढ़ के गजेंद्र ठाकुर ने कड़े मुकाबले में 1:53.82 का समय निकालकर रजत पदक जीता। स्वर्ण पदक के लिए ओडिशा के दयानिधि मुंडा के साथ अंत तक कड़ी टक्कर देखने को मिली, जिससे यह स्पर्धा बेहद रोमांचक रही।
पुरुषों की 10,000 मीटर पैदल चाल में कर्नाटक के दशरथ निंगप्पा तलवर ने 45:13.85 मिनट के समय के साथ स्वर्ण पदक प्राप्त किया। इसी स्पर्धा में कर्नाटक के दर्शन भरमप्पा बगड़ी ने रजत तथा गुजरात के सागरभाई रमेशभाई कटारा ने कांस्य पदक हासिल किया। महिला वर्ग में झारखंड की नेहा खलको ने 1 घंटा 04 मिनट 02.46 सेकंड का समय निकालकर स्वर्ण पदक जीता, जबकि ओडिशा की एलीश एक्का को रजत और मेघालय की बेथलीन ग्रेस माक्री को कांस्य पदक मिला।
पुरुष 400 मीटर बाधा दौड़ में ओडिशा के रोशन खड़िया और महिला वर्ग में झारखंड की शिवानी कुमारी ने स्वर्ण पदक अपने नाम किए। फील्ड इवेंट्स में महिला भाला फेंक स्पर्धा में ओडिशा की धनमती खेस ने 44.79 मीटर के साथ प्रथम स्थान प्राप्त किया। झारखंड की सबीता मुर्मू को रजत और गुजरात की गमित अपिक्षा को कांस्य पदक मिला। महिलाओं की 800 मीटर दौड़ में कर्नाटक की नागिनी ने स्वर्ण पदक हासिल किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित