बुरहानपुर , अगस्त 24 -- मध्यप्रदेश के बुरहानपुर में कोतवाली पुलिस ने इंदौर-इच्छापुर हाईवे पर अवैध रूप से गौवंश को महाराष्ट्र ले जा रहे एक ट्रक को पकड़कर उसमें से 14 गौवंश बरामद किए हैं। कार्रवाई के दौरान ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।

पुलिस के अनुसार ट्रक में 13 गाय और एक बैल ठूंस-ठूंसकर भरे हुए थे। पुलिस ने ट्रक और गौवंश सहित करीब दो लाख 80 हजार रुपये का मशरूका जब्त किया है।

पुलिस अधीक्षक आशुतोष बागरी के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रदीप कुमार शेंडे एवं नगर पुलिस अधीक्षक विनोद सिंह कुशवाह के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक नीता देअरवाल के नेतृत्व में कार्रवाई की गई।

पुलिस को सूचना मिली थी कि ट्रक क्रमांक PB-11-CJ-8202 से गौवंश को महाराष्ट्र वध के लिए ले जाया जा रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने इंदौर-इच्छापुर हाईवे पर ट्रक का पीछा कर शनवारा के आगे उसे रोक लिया। तलाशी लेने पर उसमें 14 गौवंश मिले। कार्रवाई के दौरान चालक ट्रक छोड़कर फरार हो गया।

पुलिस ने अज्ञात चालक के विरुद्ध कोतवाली थाने में अपराध क्रमांक 226/26 दर्ज कर गौवंश वध प्रतिषेध अधिनियम की धाराओं 4, 6 एवं 9 तथा पशुओं के प्रति क्रूरता का निवारण अधिनियम की धारा 11(1)(घ) के तहत प्रकरण दर्ज किया है। फरार चालक की तलाश की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित