बैतूल , अक्टूबर 02 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में मुलताई के पास भोपाल-नागपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर शुक्रवार को हाईवे पेट्रोलिंग टीम ने गोवंश से भरा एक कंटेनर पकड़ा। कार्रवाई के दौरान कंटेनर में सवार दो लोग मौके से फरार हो गए। पुलिस ने कंटेनर को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार हाईवे पेट्रोलिंग टीम को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक कंटेनर में गोवंश भरकर ले जाए जा रहे हैं। सूचना के आधार पर टीम ने पुलिस प्रशासन और बजरंग दल के सदस्यों को जानकारी दी। इसके बाद संयुक्त टीम ने हतनापुर के पास संदिग्ध कंटेनर को रोककर जांच की।

टीम को देखकर कंटेनर में सवार दो लोग मौके से फरार हो गए। इसके बाद कंटेनर को कब्जे में ले लिया गया। प्रारंभिक जानकारी में कंटेनर में करीब 30 गोवंश होने की बात सामने आई है। हालांकि गोवंश की वास्तविक संख्या और उनकी स्थिति कंटेनर खोलकर जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी।

पुलिस द्वारा कंटेनर खोलने की प्रक्रिया के साथ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। फरार लोगों की तलाश के लिए संभावित ठिकानों पर जांच की जा रही है। पुलिस कंटेनर के मार्ग, वाहन के दस्तावेज और उसमें सवार लोगों की पहचान के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है।

जांच में यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि गोवंश को कहां से लाया गया था और उन्हें कहां ले जाया जा रहा था। पुलिस वाहन के स्वामित्व और परिवहन से जुड़े दस्तावेजों की भी जांच कर रही है।

बजरंग दल से जुड़े सागर साहू ने बताया कि हाईवे पेट्रोलिंग अधिकारियों को सूचना मिलने के बाद कार्रवाई की गई। इसमें गोवंश से भरा कंटेनर पकड़ा गया और दो लोग मौके से फरार हो गए। उन्होंने बताया कि कंटेनर खोलने के बाद ही गोवंश की संख्या और उनकी स्थिति स्पष्ट होगी। कार्रवाई के दौरान हाईवे पर कुछ समय के लिए लोगों की भीड़ भी जमा हो गई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित