ऋषिकेश , जुलाई 13 -- उत्तराखंड में ऋषिकेश-भानियावाला राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-07) के चौड़ीकरण कार्य के दौरान सोमवार को वृक्षों के पातन में बाधा उत्पन्न करने पर ऋषिकेश पुलिस ने दो व्यक्तियों के खिलाफ निवारक कार्रवाई करते हुए उन्हें गिरफ्तार कर चालान किया।
पुलिस के अनुसार राष्ट्रीय राजमार्ग के चौड़ीकरण कार्य के तहत वृक्षों के पातन के दौरान कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए कोतवाली ऋषिकेश पुलिस, वन विभाग तथा राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के अधिकारी मौके पर मौजूद थे। इसी दौरान दो व्यक्तियों ने वृक्षों की कटाई का विरोध करते हुए कार्य में व्यवधान उत्पन्न किया। आरोप है कि एक व्यक्ति पेड़ों से लिपट गया, जबकि दूसरे ने सड़क पर जाम लगाने, नारेबाजी करने और अन्य लोगों को उकसाने का प्रयास किया, जिससे सरकारी कार्य और यातायात व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका पैदा हो गई।
मौके पर मौजूद अधिकारियों ने दोनों व्यक्तियों को समझाकर शांत करने का प्रयास किया, लेकिन उनके नहीं मानने पर पुलिस ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने तथा किसी भी अप्रिय स्थिति से बचाव के लिए भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की संबंधित धाराओं के तहत निवारक कार्रवाई करते हुए दोनों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार किए गए व्यक्तियों में कुन्दन सिंह बिष्ट निवासी ग्राम बगुना, तहसील रानीखेत, जनपद अल्मोड़ा तथा रणविजय निवासी 14 बीघा, ऋषिकेश शामिल हैं।
ऋषिकेश पुलिस ने स्पष्ट किया है कि विकास कार्यों के दौरान कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखना प्राथमिकता है। किसी भी व्यक्ति को अपनी बात शांतिपूर्ण और वैधानिक तरीके से रखने का अधिकार है, लेकिन सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न करने अथवा कानून-व्यवस्था प्रभावित करने का प्रयास करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित