रायसेन , अक्टूबर 29 -- मध्यप्रदेश में रायसेन जिले के सांची थाना क्षेत्र में मेहगांव के पास गुरुवार सुबह हाईवे किनारे करीब 20 पशु दयनीय अवस्था में पाए गए। इनमें चार बैलों की मौत हो चुकी थी, जबकि 10 से अधिक गाय-बछड़े घायल अवस्था में पाए गए। पशुओं के पैर बंधे होने से गो-तस्करी की आशंका जताई गई है।
सूचना मिलने पर विश्व हिंदू परिषद के जिला मंत्री राजेश लोधी सहित कार्यकर्ता और पुलिस मौके पर पहुंचे। थाना प्रभारी राम लोचन शर्मा ने पशु चिकित्सकों की मदद से घायल पशुओं का उपचार शुरू कराया। विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ताओं ने पशुओं के पैर बंधे होने के आधार पर गो-तस्करी की आशंका जताई है। वही पुलिस ने मामले की जांच कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित