शहडोल , मई 5 -- मध्यप्रदेश के शहडोल जिले के देवलौंद थाना क्षेत्र में समधिन नदी पुल के पास रेत से भरे हाईवा ट्रक और बाइक की भिड़ंत में पिता-पुत्र की मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार यह दुर्घटना बीती शाम उस समय हुई, जब बाइक सवार तीन लोग एक तिलक समारोह में शामिल होने जा रहे थे। इसी दौरान हाईवा ट्रक से टक्कर हो गई, जिससे ईश्वरदीन खैरवार (62) और उनके पुत्र गंगा सिंह खैरवार (42) की मौके पर ही मृत्यु हो गई।
हादसे में एक अन्य पुत्र रामकुशल खैरवार (35) गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए ब्यौहारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित