मुरादाबाद , जुलाई 06 -- उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन का तार टूटकर गिरने से करंट की चपेट में आने से एक किशोरी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से झुलस गई। पुलिस सूत्रों ने सोमवार को बताया कि बीती रात कटघर थाना क्षेत्र के गांव भैंसिया की दो किशोरी घर के नजदीक एक दुकान से सामान लेने के लिए जा रही थीं।इसी दौरान अचानक ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन के तार टूटकर गिरने से दोनों करंट की चपेट में आ गईं।
स्थानीय लोग दोनों पीड़ित बालिकाओं को उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद आलिया (14) पुत्री जाबिर हुसैन को मृत घोषित कर दिया। वहीं, गंभीर रूप से झुलसी दूसरी बालिका रायमीन (10) पुत्री नासिर को नाजुक हालत में निजी अस्पताल में भर्ती कराया है। ग्रामीणों ने विद्युत विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि क्षेत्र में बिजली की लाइनें लंबे समय से जर्जर हालत में हैं ।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित