गुना , जून 08 -- मध्यप्रदेश के गुना जिले के कुंभराज थाना क्षेत्र में सोमवार को एक मोटरसाइकिल पर सवार तीन लोगों के हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से एक युवक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से झुलस गए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार जिले के ग्राम आमल्या निवासी बाबूलाल मैथिल (70) अपने दो साथियों के साथ एक ही मोटरसाइकिल पर सवार होकर आमल्या से बिलंगखेड़ी जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन से फैले करंट की जद में मोटरसाइकिल आ गई और उस पर सवार प्रदीप मीना की मौके पर ही मृत्यु हो गई। इस हादसे में बाबूलाल और उनका दूसरा साथी गंभीर रूप से झुलस गए। घायल बुजुर्ग फिलहाल बोलने की स्थिति में भी नहीं है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा।
कुंभराज थाना प्रभारी पंकज त्यागी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि इलेक्ट्रिक लाइन से उतरे करंट के कारण यह हादसा हुआ है। इसमें एक व्यक्ति की मौत हुई है और दो लोग घायल हैं। पुलिस और परिजनों ने आनन-फानन में दोनों गंभीर घायलों को संभाला। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार जारी है।
पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने इस मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित