पिथौरागढ़ , मई 2 -- उत्तराखंड उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश मनोज कुमार गुप्ता ने अपने पिथौरागढ़ प्रवास के दौरान शनिवार को विभिन्न कार्यक्रमों में सहभागिता करते हुए न्यायिक व्यवस्थाओं को मजबूत बनाने और आमजन तक न्याय की पहुंच सुनिश्चित करने पर बल दिया।

मुख्य न्यायाधीश ने अपने सहयोगी न्यायाधीश मनोज कुमार तिवारी और न्यायमूर्ति पंकज पुरोहित के साथ पिथौरागढ़जिला बार एसोसिएशन की ओर से आयोजित स्वागत समारोह में भाग लिया, जहां अधिवक्ताओं और न्यायिक अधिकारियों ने उनका अभिनंदन किया।

अपने संबोधन में मुख्य न्यायाधीश ने कहा कि न्यायपालिका और अधिवक्ताओं के बीच बेहतर समन्वय ही सशक्त न्याय व्यवस्था की नींव है। उन्होंने विधिक सेवाओं को प्रभावी ढंग से आम जनता तक पहुंचाने की आवश्यकता पर जोर दिया। इस अवसर पर मुख्य न्यायाधीश ने न्यायिक कर्मचारियों के लिए नव-निर्मित आवासीय भवन (रेजिडेंशियल ब्लॉक) का उद्घाटन भी किया। उन्होंने कहा कि बेहतर आवासीय सुविधाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता है, जिससे अधिकारी और कर्मचारी अधिक दक्षता के साथ अपने दायित्व निभा सकें।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित