चंडीगढ़ , अगस्त 07 -- पंजाब भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार पर निशाना साधते हुए राजनीतिक विज्ञापनों पर तत्काल रोक लगाने और सरकारी कर्मचारियों का लंबित महंगाई भत्ता (डीए) जारी करने की मांग की है।

श्री जाखड़ ने शुक्रवार को सोशल मीडिया पर जारी एक संदेश में आरोप लगाया कि पंजाब सरकार का जनसंपर्क विभाग इस कदर राजनीतिक दबाव में काम कर रहा है कि उच्च न्यायालय के निर्देशों की भी अनदेखी की जा रही है और न्यायिक आदेशों के बावजूद राजनीतिक विज्ञापन जारी किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार के लाखों कर्मचारी अपने लंबित डीए का इंतजार कर रहे हैं, जबकि यह उनका कानूनी और जायज हक है। दूसरी ओर, सरकार कथित तौर पर जनता के पैसे का इस्तेमाल राजनीतिक प्रचार के लिए कर रही है।

श्री जाखड़ ने कहा कि राज्य का खजाना जनता के हितों की पूर्ति के लिए होता है, किसी राजनीतिक दल के हितों के लिए नहीं। उन्होंने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी सरकार कर्मचारियों को उनका बकाया डीए देने के बजाय राजनीतिक विज्ञापनों पर सरकारी धन खर्च कर रही है।

भाजपा नेता ने कहा कि सरकारी जनसंपर्क विभाग का राजनीतिक इस्तेमाल किया जाना गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने आरोप लगाया कि विभाग हाईकोर्ट के निर्देशों की भी परवाह नहीं कर रहा और इस तरह की कार्रवाई से न्यायालय की अवमानना का सवाल भी खड़ा हो सकता है।

श्री जाखड़ ने कहा कि सरकारी अधिकारियों को कानून की निर्धारित सीमाओं के भीतर ही काम करना चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि मौजूदा सरकार का कार्यकाल समाप्त होना तय है, लेकिन गैर-कानूनी फैसलों और आदेशों का पालन करने वाले अधिकारियों को भविष्य में उनके परिणामों का सामना करना पड़ सकता है। उन्होंने पंजाब सरकार से मांग की कि राजनीतिक विज्ञापनों पर सरकारी धन खर्च करना तुरंत बंद किया जाए, हाईकोर्ट के आदेशों का पूरी तरह पालन सुनिश्चित किया जाए और कर्मचारियों का लंबे समय से लंबित डीए बिना किसी और देरी के जारी किया जाए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित