कानपुर , अप्रैल 23 -- उत्तर प्रदेश के कानपुर नगर में सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने हाईवे सुरक्षा के लिए टास्क फोर्स के गठन का निर्णय लिया है। जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में सरसैया घाट स्थित नवीन सभागार में आयोजित जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में यह निर्णय लिया गया।

आधिकारिक सूत्रों के अनुसार टास्क फोर्स के माध्यम से राष्ट्रीय राजमार्गों के किनारे हुए अवैध अतिक्रमण को चिन्हित कर अभियान चलाकर हटाया जाएगा तथा भूमि उपयोग नियंत्रण की नियमित समीक्षा की जाएगी। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि टास्क फोर्स की कार्यवाही की समीक्षा प्रत्येक माह में दो बार की जाएगी, जिससे सड़क सुरक्षा मानकों का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित हो सके।

बैठक में ट्रक ले-बाय एवं वे-साइड सुविधाओं के विकास पर जोर देते हुए कहा गया कि इससे यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और अनियोजित पार्किंग पर नियंत्रण होगा। साथ ही 'राहवीर (गुड सेमेरिटन) योजना' के तहत दुर्घटना के बाद गोल्डन ऑवर में घायलों को चिन्हित अस्पतालों में निःशुल्क उपचार उपलब्ध कराने की व्यवस्था को और सुदृढ़ करने के निर्देश दिए गए। जनपद में 137 अस्पतालों का सत्यापन किया जा रहा है।

बैठक में यह भी बताया गया कि जनपद में 264 दुर्घटना संभावित (क्रैश प्रोन) स्थलों की पहचान की गई है, जिनमें से कई पर सुधार कार्य पूर्ण हो चुका है, जबकि शेष स्थलों पर कार्य प्रगति पर है। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय स्थापित कर शेष कार्य शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए, जिससे सड़क दुर्घटनाओं में प्रभावी कमी लाई जा सके।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित