मुरैना , जुलाई 19 -- मध्यप्रदेश के मुरैना जिले में आगरा-मुंबई राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक तेज रफ्तार और बेकाबू कार ने पहले सड़क किनारे खड़े गौवंश को टक्कर मारी, इसके बाद एक ट्रक तथा सड़क किनारे बनी दीवार से जा भिड़ी। हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार शनिवार को मारुति नेक्सा एक्सएल-6 (क्रमांक एमपी-06-एके-9036) का चालक राष्ट्रीय राजमार्ग पर लापरवाही और अनियंत्रित ढंग से वाहन चला रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि कार कभी सड़क के दाईं तो कभी बाईं ओर जा रही थी, जिससे पीछे चल रहे वाहन चालकों ने सतर्कता बरतते हुए दूरी बना ली।
कुछ दूर आगे बढ़ने पर कार सड़क किनारे खड़े गौवंश से टकरा गई। इसके बावजूद चालक ने वाहन नहीं रोका और आगे बढ़ते हुए एक चल रहे ट्रक से टकरा गया। इसके बाद कार सड़क किनारे बनी दीवार से जा भिड़ी और क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया।
पूरी घटना पीछे चल रही एक कार में सवार युवक ने अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर ली। वीडियो में कार हाईवे पर लहराते हुए चलती दिखाई दे रही है। वीडियो सामने आने के बाद मामला पुलिस तक पहुंचा।
सिविल लाइन थाना प्रभारी उदयभान यादव ने बताया कि वीडियो और वाहन के पंजीयन नंबर के आधार पर चालक की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। चालक की पहचान होने पर उसके विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम और अन्य संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की जाएगी। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि घटना में किसी अन्य वाहन या व्यक्ति को नुकसान तो नहीं पहुंचा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित