चंडीगढ़ , जुलाई 16 -- हरियाणा के सहकारिता, कारागार, चुनाव, विरासत एवं पर्यटन मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा कि स्वच्छता केवल एक अभियान नहीं बल्कि प्रत्येक नागरिक का सामूहिक दायित्व है। भारत की पहली हाइड्रोजन-चालित ट्रेन के शुभारंभ से पहले गोहाना रेलवे जंक्शन पर आयोजित 'स्वच्छता से स्वागत' अभियान के तहत उन्होंने विशेष स्वच्छता अभियान का नेतृत्व किया। इस दौरान उनकी पत्नी डॉ. रीता शर्मा और पार्टी कार्यकर्ताओं ने भी रेलवे परिसर की सफाई में भाग लिया।
डॉ. शर्मा ने कहा कि भारतीय संस्कृति में अतिथियों के स्वागत की समृद्ध परंपरा रही है। 17 जुलाई को जब भारत की पहली हाइड्रोजन-चालित ट्रेन गोहाना रेलवे स्टेशन पहुंचेगी, तो यह केवल एक ट्रेन का आगमन नहीं बल्कि आधुनिक भारत के इतिहास का एक ऐतिहासिक क्षण होगा। इसी भावना के साथ रेलवे स्टेशन पर विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत हरित ऊर्जा और आधुनिक तकनीक के क्षेत्र में नए आयाम स्थापित कर रहा है। देश की पहली हाइड्रोजन-चालित ट्रेन इसी दूरदर्शी सोच का परिणाम है। यह परियोजना गोहाना को राष्ट्रीय ही नहीं बल्कि वैश्विक स्तर पर भी नई पहचान दिलाएगी और शहर को आधुनिक एवं पर्यावरण-अनुकूल परिवहन के केंद्र के रूप में स्थापित करेगी।
मंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी 17 जुलाई को जींद से भारत की पहली पर्यावरण-अनुकूल हाइड्रोजन-चालित ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे। इस अवसर पर जींद में एक विशाल पर्यावरण जागरूकता रैली का भी आयोजन होगा, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने की उम्मीद है।
उन्होंने नागरिकों से स्वच्छता को अपनी दैनिक जीवनशैली का हिस्सा बनाने की अपील करते हुए कहा कि स्वच्छ वातावरण ही स्वस्थ समाज और विकसित राष्ट्र की मजबूत नींव है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित