कराकास , मई 10 -- वेनेजुएला सरकार ने रविवार को कहा कि त्रिनिदाद और टोबैगो से शुरू हुए हाइड्रोकार्बन रिसाव ने पारिया की खाड़ी के साथ-साथ वेनेज़ुएला के तटीय इलाकों को भी प्रभावित किया है।

वेनेजुएला के विदेश मंत्री यवान गिल ने टेलीग्राम पर जारी एक बयान में रविवार को कहा, "वेनेज़ुएला के बोलिवेरियन गणराज्य की सरकार, त्रिनिदाद और टोबैगो गणराज्य से शुरू हुए हाइड्रोकार्बन रिसाव के संबंध में अंतरराष्ट्रीय समुदाय के समक्ष अपनी चिंता व्यक्त करती है। इस रिसाव के कारण पारिया की खाड़ी और सुक्रे तथा डेल्टा अमाकुरो राज्यों के तटीय इलाकों में गंभीर पर्यावरणीय क्षति हुई है।"शुरुआती तकनीकी आकलन से संकेत मिलता है कि इस घटना का समुद्री क्षेत्रों, तटरेखाओं, संवेदनशील पारिस्थितिक तंत्रों और मछुआरा समुदायों पर असर पड़ा है। अधिकारियों ने मैंग्रोव वनों, आर्द्रभूमियों, समुद्री जैव विविधता और अन्य पारिस्थितिक तथा आर्थिक रूप से महत्वपूर्ण संसाधनों को संभावित नुकसान पहुंचने की चेतावनी भी दी है।

स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, वेनेज़ुएला सरकार ने अपने विदेश मंत्रालय को निर्देश दिया है कि वह इस घटना के बारे में तत्काल विस्तृत जानकारी मांगे और साथ ही रिसाव के प्रभावों को रोकने तथा कम करने के लिए एक व्यापक कार्ययोजना की भी मांग करे। वेनेज़ुएला सरकार ने अंतरराष्ट्रीय पर्यावरणीय दायित्वों के पालन और पर्यावरणीय क्षति तथा मुआवजे के मुद्दे को सुलझाने के लिए त्वरित कदम उठाने का भी आह्वान किया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित