चंडीगढ़ , मार्च 09 -- हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने कहा कि प्रदेश के नए जिला हांसी में भी जल्द ही डे-केयर कैंसर केंद्र शुरू किया जाएगा। इससे पहले राज्य के 22 जिलों में ऐसे केंद्र शुरू किए जा चुके हैं।

स्वास्थ्य मंत्री सोमवार को हरियाणा विधानसभा के बजट सत्र के दौरान एक सदस्य द्वारा पूछे गए प्रश्न का जवाब दे रही थीं। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने 11 फरवरी 2026 को प्रदेश के सभी जिला नागरिक अस्पतालों में डे-केयर कैंसर केंद्रों का उद्घाटन किया था। इन केंद्रों के शुरू होने से कैंसर रोगियों को अपने घर के नजदीक ही कीमोथेरेपी और सहायक उपचार की सुविधा मिल रही है।

उन्होंने बताया कि फतेहाबाद सहित 22 जिलों में हब एंड स्पोक मॉडल के तहत समर्पित कैंसर ओपीडी, कीमोथेरेपी वार्ड और पैलिएटिव केयर ओपीडी शुरू किए जा चुके हैं। फतेहाबाद को स्पोक के रूप में पीजीआईएमएस रोहतक से जोड़ा गया है।

स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि वर्ष 2025 में फरीदाबाद, पंचकूला, कुरुक्षेत्र और यमुनानगर जिलों के डीसीसीसी में 2,672 मरीजों को कीमोथेरेपी सेवाएं दी गईं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित