मुंबई , सितंबर 24 -- सोनी सब के शो 'हस्तिनापुर के वीर' में व्यंकटेश पांडे राधे के किरदार में नजर आएंगे। राधे, राधा और अधिरथ का पुत्र है और अपने माता-पिता के साथ एक छोटे से गांव में रहता है।
कहानी में राधा 11 दिवसीय व्रत के दौरान कमजोर पड़ जाती हैं। मां की तकलीफ देखकर राधे पहाड़ पर चढ़कर चक्र की मदद से सूर्य की पहली किरण को उनकी ओर प्रतिबिंबित करता है, जिससे राधा अपना व्रत पूरा कर पाती हैं। इस घटना के बाद गांववालों को राधे की क्षमताओं पर संदेह होने लगता है।
राधे की भूमिका को लेकर व्यंकटेश पांडे ने कहा कि उन्हें अपने माता-पिता के साथ राधे का रिश्ता सबसे ज्यादा पसंद है। उन्होंने कहा कि राधे अपनी मां को परेशानी में देखकर बिना सोचे उनकी मदद के लिए हर संभव प्रयास करता है। उन्होंने बताया कि राधे की क्षमताओं और उसके अतीत को लेकर रहस्य है, जबकि पांडवों और कौरवों के साथ उसका रिश्ता कहानी में अहम भूमिका निभाएगा।
'हस्तिनापुर के वीर' का प्रसारण सोमवार से शनिवार रात नौ बजे सोनी सब पर किया जाता है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित