सहारनपुर , अक्टूबर 08 -- ग्रेटर नोएडा में 13 से 17 अक्टूबर तक लगने वाले 62वें अन्तर्राष्ट्रीय हस्तशिल्प व्यापार मेले की सफलता पर सहारनपुर के लकड़ी की नक्काशी के निर्यातकों की निगाहें लगी हुई है।
एक्सपोर्ट प्रमोशन काउंसिल ऑफ इंडिया (ईपीसीएच) की ओर से ग्रेटर नोएडा में इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में आयोजित होने वाले बसन्तकालीन दिल्ली मेले का उद्घाटन केन्द्रीय कपड़ा मंत्री गिरि राज सिंह करेंगे। सहारनपुर के डिप्टी कमिश्नर उद्योग अजय कुमार त्रिपाठी ने आज बताया कि सहारनपुर में करीब 200 हस्तशिल्प निर्यातक है, और उनका सालाना कारोबार 800 से 1000 करोड़ रुपए का है। 25 से ज्यादा मुल्कों को लकड़ी के आकर्षक उत्पादों का निर्यात होता है ओर सहारनपुर से पचास के करीब एक्सपोर्टर इस मेले में भाग लेंगे।
सहारनपुर के सबसे बड़े एक्सपोर्टर असलम सैफी ने आज बताया कि फ्रांस अमेरिका, इंग्लैण्ड, दुबई, जर्मनी और इटली आदि देशों के कई बड़े कारोबारियों ने उन्हें विश्व के सबसे बड़े मेले में शामिल होने की सूचनायें भेजी है और उन्हें अपने विदेशी ग्राहकों से अभी से आर्डर भी मिलने शुरू हो गये है। वह 6 माह से आकर्षक सैम्पल जिनकी पूरे विश्व भर में मांग है तैयार करने में दिन रात लगे हैं। वह अपने दोनों बेटों अरशद सैफी और अजहर सैफी के साथ इस मेले में भाग लेने को बेहद उत्सुक है। उन्हें उम्मीद है कि अमेरिकन राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प की उलटबासियों के बावजूद सहारनपुर के निर्यातकों को अमेरिकी खरीदारों से बडे़ स्तर पर आर्डर मिलेंगे।
उन्हाेने कहा कि अमेरिकी कारोबारी और इम्पोर्टर का अमेरिकी राष्ट्रपति पर भारी दबाव है कि वे भारत के साथ होने वाले कारोबार पर शुल्क में वृद्धि ना करें। उन्हाेने कहा कि चीन के भी कारोबारी उनके सम्पर्क में है, और इस बार का मेला भारतीय उद्यमियों की उम्मीदों पर खरा उतरेंगा ऐसी सभी को पूरी आशा है।
इस विश्व व्यापार मेले में सहारनपुर के अलावा मुरादाबाद, आगरा, फिरोजाबाद, कानपुर के उद्यमियों की धूम रहती है। मुरादाबाद के बड़े एक्सपोर्टर ओम सन्स इंडिया हैण्डीक्राफ्ट के एम0डी0 ईशान अग्रवाल,सीज इंटरनेशनल एक्सपोर्टर अब्दुल अजीज सहारनपुर के उमेश सचदेवा आदि बडे़ निर्यातकों ने इस मेले में आने की स्वीकृति दी है। मेले में मुरादाबाद लाईटिंग और इत्र के कारोबारियों ने भी मेले में आने की बात कही है। इस मेले में फर्नीचर, फैशन ज्वैलरी, हस्तशिल्प उत्पाद, नये सीजन के डिजाइन्स होम डेकोर, लाईफस्टाइल, आदि उत्पादों का प्रदर्शन खासतौर से रहेंगा।
उद्योग उपायुक्त अजय त्रिपाठी ने बताया कि ग्रेटर नोएडा के मेले के 26वें संस्करण में विदेशों से बड़ी संख्या में खरीदारों के आने की संभावना है। इस मेले में तीन हजार से ज्यादा भारतीय एक्सपोर्टर, अपने उत्पादांे के स्टॉल लगायेंगे। असलम सैफी के मुताबिक इस बार एक्सपोर्ट प्रमोशन काउंसिल फोर हैण्डीक्राफ्ट ने स्टॉलों के शुल्क में भारी कमी की है जिसका उद्यमियों ने स्वागत किया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित