अलवर , जून 04 -- राजस्थान में अलवर के कोतवाली थाना क्षेत्र में हवाला कारोबार के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चार लोगों को गिरफ्तार करके उनसे 33 लाख 62 हजार 623 रुपये की नकदी बरामद की है।

पुलिस को आशंका है कि यह रकम हवाला नेटवर्क के जरिए एक राज्य से दूसरे राज्य तक पहुंचाई जा रही थी। मामले की सूचना आयकर विभाग को भी दे दी गई है।

पुलिस अधीक्षक सुधीर चौधरी ने गुरुवार को बताया कि पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि केशव नगर स्थित एक मकान में हवाला कारोबार संचालित हो रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस दल ने मौके पर दबिश दी।

पुलिस जब मौके पर पहुंची तो मकान के अंदर चार व्यक्ति बैठे मिले। पूछताछ के दौरान वे नकदी के संबंध में कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। तलाशी लेने पर उनके पास से 33 लाख 62 हजार 623 रुपये बरामद हुए। नकदी के अलावा एक झोले में दो-दो रुपये के 61 नोटों पर लिखे कोड और हिसाब-किताब से जुड़े दस्तावेज भी मिले, जिन्हें हवाला लेन-देन से जोड़कर देखा जा रहा है। आरोपी गुजरात और अलवर के हैं।

पुलिस ने बताया कि आरोपियों में मनभाई पटेल (59) निवासी ऊंजा, गुजरात, चतुरू भाई पटेल (62) निवासी पलासर, गुजरात, भौतिक पटेल (30) निवासी पलासर, गुजरात एवं कमल गुप्ता (41) निवासी होली ऊपर, अलवर शामिल हैं। आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।

पुलिस का मानना है कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ में अंतर्राज्यीय हवाला नेटवर्क से जुड़े महत्वपूर्ण तथ्य सामने आ सकते हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित