लखनऊ , अप्रैल 09 -- उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक और कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने गुरुवार को प्रदेश के आपदा प्रभावित जिलों का हवाई सर्वेक्षण कर स्थिति का जायजा लिया।

सर्वे में बाराबंकी, अयोध्या, अंबेडकरनगर, आजमगढ़, अमेठी, सुल्तानपुर, फतेहपुर, उन्नाव और लखनऊ समेत कई जनपद शामिल रहे। प्रदेश में हाल के दिनों में हुई असामयिक वर्षा, तेज हवाओं और चक्रवात से फसलों को हुए नुकसान को देखते हुए सरकार ने त्वरित कार्रवाई शुरू की है।

हवाई सर्वे के दौरान अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि प्रभावित क्षेत्रों का वास्तविक आकलन कर जल्द से जल्द रिपोर्ट शासन को भेजी जाए, ताकि किसानों को शीघ्र राहत उपलब्ध कराई जा सके। उप मुख्यमंत्री और कृषि मंत्री ने स्पष्ट किया कि संकट की इस घड़ी में सरकार किसानों के साथ मजबूती से खड़ी है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार पीड़ित किसानों को आर्थिक सहायता सहित हरसंभव मदद दी जाएगी। इसके लिए जिलों में विस्तृत सर्वेक्षण कराने और नुकसान का सही आकलन सुनिश्चित करने के निर्देश जारी कर दिए गए हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित