क्राइस्टचर्च , अक्टूबर 21 -- भारतीय टीम एक दूर-दराज़ देश पहुंची है। उसके पास टी 20 अंतर्राष्ट्रीय के दो बेहद अहम खिलाड़ी जसप्रीत बुमराह और हार्दिक पंड्या नहीं हैं। टीम एक दिन अभ्यास करती है और अगले ही दिन अंतर्राष्ट्रीय मुक़ाबला खेलने उतर जाती है। इस साल की शुरुआत में आयरलैंड में भी ऐसा ही हुआ था, जहां भारत को 0-2 से सीरीज़ गंवानी पड़ी थी। यह पहला मौक़ा था जब भारत किसी भी फॉर्मेट में आयरलैंड से हारा था। साथ ही, लगातार 17 टी20 अंतर्राष्ट्रीय सीरीज़ या टूर्नामेंट के बाद यह भारत की पहली हार थी।

इस बार भी भारत को न्यूज़ीलैंड में ऐसी ही परिस्थिति का सामना करना है। लंबी यात्रा के बाद जेट लैग की समस्या भी होगी और सामने कहीं ज़्यादा मज़बूत टीम होगी। आजकल क्रिकेट का कार्यक्रम ऐसा है कि टीमों को तमाम मुश्किलों के बावजूद ख़ुद को तैयार करना पड़ता है। वे नींद पूरी करने, शरीर में पानी की कमी न होने देने और एकमात्र अभ्यास सत्र में जितनी तैयारी हो सके, उतनी करने की कोशिश करती हैं और फिर मैच खेलने उतर जाती हैं।

न्यूज़ीलैंड पहुंचने के तुरंत बाद खेलना भारत के लिए कई कारणों से और भी चुनौतीपूर्ण है। लंबी यात्रा, भारत का इस देश का कम दौरा करना और यहां की अनोखी परिस्थितियां; तेज़ हवाएं, कुछ ड्रॉप-इन पिचें और अलग आकार वाले मैदान, इस चुनौती को और बढ़ाते हैं।

भारत के लिए यह चुनौती इसलिए भी ख़ास है, क्योंकि बहुत कम टीमें यह दावा कर सकती हैं कि उन्होंने भारत में अपनी पिछली टेस्ट और वनडे सीरीज़ जीती है। न्यूज़ीलैंड ऐसा करने वाली टीम है। हालांकि, मार्च में टी20 विश्व कप फ़ाइनल में भारत के ख़िलाफ़ हुए पिछले टी20 अंतर्राष्ट्रीय मुक़ाबले में न्यूज़ीलैंड का प्रदर्शन ख़ास नहीं रहा था। लेकिन अब अपने घरेलू मैदान पर पांच मैचों की सीरीज़ में उससे भारत को कड़ी चुनौती देने की उम्मीद होगी।

विश्व कप के बाद पहली बार न्यूज़ीलैंड की टी20 अंतर्राष्ट्रीय टीम लगभग पूरी मज़बूती के साथ मैदान पर उतरेगी। इससे पहले दक्षिण अफ़्रीका और बंगलादेश के ख़िलाफ़ खेलते समय उसके कई बड़े खिलाड़ी फ्रेंचाइज़ी लीग में व्यस्त थे।

न्यूज़ीलैंड उन चुनिंदा अंतर्राष्ट्रीय टीमों में से है, जिनके देश में अपनी कोई फ्रेंचाइज़ी आधारित लीग नहीं है। इसके चलते उसके कई बड़े टी20 अंतर्राष्ट्रीय खिलाड़ी अंतर्राष्ट्रीय सीज़न के दौरान दूसरी लीगों में खेलने चले जाते हैं। इसलिए यह न्यूज़ीलैंड के प्रशंसकों के लिए भी अपने स्टेडियमों में विश्वस्तरीय टी 20 क्रिकेट देखने का दुर्लभ अवसर है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित