मुंबई , अक्टूबर 23 -- नवी मुंबई अन्तर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सुरक्षाकर्मी के तौर पर काम करने वाली 21 वर्षीय एक महिला की नेरुल रेलवे स्टेशन के पास उसके पूर्व प्रेमी ने चाकू घोंपकर हत्या कर दी।
अधिकारियों ने शुक्रवार को बताया कि महिला ने आरोपी से शादी करने से इनकार कर दिया था, जिसके बाद उसने इस वारदात को अंजाम दिया।मृतक महिला की पहचान सादिया जहीर शेख के रूप में हुई है। उसने सायन अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। आरोपी दानिश मोहम्मद अंसारी (27), जो ई-कॉमर्स डिलीवरी वर्कर है, को गिरफ्तार कर लिया गया है। उस पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) के तहत हत्या का मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार, 20 अक्टूबर को आरोपी ने जीटीबी नगर से नेरुल रेलवे स्टेशन के बाहर बस स्टॉप तक शेख का पीछा किया। शादी के प्रस्ताव को लेकर दोनों के बीच बहस हुई, जिसके बाद आरोपी ने उस पर हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि महिला ने जून और 14 अक्टूबर को उसके खिलाफ पुलिस में शिकायतें भी दर्ज करायी थीं।
आरोपी को उसके बहनोई के घर से गिरफ्तार किया गया और वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद कर लिया गया है।
बेलापुर की एक अदालत ने उसे सात दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित