नैनीताल , मार्च 15 -- उत्तराखंड की हल्द्वानी पुलिस ने मोबाइल लूट और ऑनलाइन ठगी के मामले का खुलासा करते हुए दो युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने मोबाइल लूटने के बाद गूगल पे के जरिए पीड़ित के खाते से 42 हजार रुपये निकाल लिए थे।

पुलिस के अनुसार टीमर बड़ौन, खनस्यू निवासी हरेन्द्र सिंह ने कोतवाली हल्द्वानी में शिकायत दर्ज कराई थी कि विगत 9 मार्च को अज्ञात व्यक्तियों ने उनका मोबाइल फोन लूट लिया और गूगल पे के माध्यम से 42 हजार रुपये निकाल लिये। इस मामले में कोतवाली हल्द्वानी में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।

मामले के खुलासे के लिए प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह मेहता के नेतृत्व में एक पुलिस टीम का गठन किया गया। जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली तथा सुरागरसी-पतारसी के आधार पर आरोपियों की पहचान की।

इसके बाद 14 मार्च को पुलिस ने दोनों आरोपियों को लूटे गए मोबाइल फोन और 26 हजार रुपये के साथ गिरफ्तार कर लिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित