हल्द्वानी , मार्च 12 -- क्रिएटिव उत्तराखंड संस्था द्वारा समाज के सभी वर्गों में पढ़ने-लिखने की संस्कृति को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित पुस्तक मेलों की श्रृंखला एक बार फिर हल्द्वानी पहुंचने जा रही है। आगामी 14 और 15 मार्च 2026 को हल्द्वानी में दो दिवसीय किताब कौतिक का आयोजन किया जाएगा।

कार्यक्रम के संयोजक दयाल पांडे ने गुरुवार को बताया कि क्रिएटिव उत्तराखंड द्वारा पूरे राज्य में अब तक 14 किताब कौतिक आयोजित किए जा चुके हैं। इससे पहले मार्च 2024 में भी हल्द्वानी में भव्य पुस्तक मेले का आयोजन किया गया था, जिसे साहित्य प्रेमियों का अच्छा प्रतिसाद मिला था।

उन्होंने बताया कि इस बार आओ, दोस्ती करें किताबों से थीम के साथ आयोजित हो रहे इस पुस्तक मेले में देशभर के करीब 50 प्रकाशकों की लगभग 80 हजार से अधिक पुस्तकें पाठकों के अवलोकन और खरीद के लिए उपलब्ध रहेंगी। इस वर्ष आयोजन की विशेष थीम नशामुक्त समाज और मानसिक स्वास्थ्य रखी गई है।

दो दिवसीय कार्यक्रम के दौरान साहित्यिक परिचर्चा, प्रसिद्ध लेखकों से संवाद, बच्चों के लिए विज्ञान कोना, नेचर वॉक, साहसिक खेल और सांस्कृतिक संध्या जैसे कई आकर्षक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। साथ ही हस्तशिल्प स्टॉल्स भी लगाए जाएंगे, जहां स्थानीय उत्पादों का प्रदर्शन किया जाएगा।

इसके अतिरिक्त विभिन्न स्कूलों के विद्यार्थियों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम और प्रतियोगिताएं भी आयोजित होंगी, जिनमें बड़ी संख्याव में छात्र-छात्राओं के भाग लेने की संभावना है।

आयोजकों के अनुसार इस आयोजन में देश के विभिन्न हिस्सों से साहित्यकार, सामाजिक कार्यकर्ता और रंगकर्मी भी हल्द्वानी पहुंचेंगे, जिससे कार्यक्रम को और अधिक व्यापकता मिलेगी।

किताब कौतिक का उद्देश्य समाज में पढ़ने की संस्कृति को बढ़ावा देना है। इस बार 50 प्रकाशकों की लगभग 80 हजार किताबें और कई रचनात्मक गतिविधियां लोगों के लिए उपलब्ध रहेंगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित