हल्द्वानी , जुलाई 14 -- उत्तराखंड में चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत कुमाऊं पुलिस के विशेष अभियान कार्य बल (एसओटीएफ) ने मंगलवार को चरस के साथ एक शातिर तस्कर को गिरफ्तार किया।

पुलिस महानिरीक्षक निवेदिता कुकरेती के अनुसार एसओटीएफ और हल्द्वानी कोतवाली पुलिस की ओर से गांधी इंटर कॉलेज रोड पर तरणताल के पास सघन जांच अभियान चलाया जा रहा था।

इसी दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध व्यक्ति को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 1.121 किलोग्राम अवैध चरस बरामद हुई।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान अनिकेत बाल्मीकि (32) निवासी गांधीनगर, वार्ड नंबर-27, थाना बनभूलपुरा, जिला नैनीताल के रूप में हुई है। बरामदगी के आधार पर आरोपी के खिलाफ कोतवाली हल्द्वानी में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

आईजी ने कहा है कि "ऑपरेशन प्रहार" के तहत नशा तस्करों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और मादक पदार्थों की तस्करी में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित