हल्द्वानी , मई 30 -- उत्तराखंड के हल्द्वानी में सुशीला तिवारी चिकित्सालय (एसटीएच) के आसपास संचालित मेडिकल स्टोरों में शनिवार को प्रशासन, पुलिस और औषधि विभाग की संयुक्त टीम ने छापा मारा। जांच के दौरान एक मेडिकल स्टोर में कई गंभीर अनियमितताएं मिलने पर उसके औषधि क्रय-विक्रय पर तत्काल रोक लगा दी गयी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार उपजिलाधिकारी हल्द्वानी, पुलिस उपाधीक्षक तथा औषधि एवं चिकित्सा विभाग की संयुक्त टीम ने शुभ मेडिकल स्टोर और रेहमान मेडिकल स्टोर का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान रेहमान मेडिकल स्टोर में प्रिस्क्रिप्शन फाइल और रजिस्टर उपलब्ध नहीं पाए गए। इसके अलावा प्रतिष्ठान में सीसीटीवी कैमरे भी नहीं लगे थे और कई आवश्यक अभिलेख अधूरे मिले। टीम ने पाया कि निरीक्षण के समय मेडिकल स्टोर पर फार्मासिस्ट भी मौजूद नहीं था। इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए ड्रग निरीक्षक ने मौके पर ही प्रतिष्ठान के औषधि क्रय-विक्रय पर रोक लगाने की कार्रवाई की।
संयुक्त टीम ने दोनों मेडिकल स्टोरों में दवाओं के खरीद-बिक्री रिकॉर्ड, नियंत्रित औषधियों के रख-रखाव, लाइसेंस संबंधी दस्तावेजों तथा औषधि विक्रय से जुड़े अन्य प्रावधानों की भी जांच की। निरीक्षण में पाई गई कमियों को लेकर संचालकों को निर्धारित समय सीमा के भीतर अभिलेखों को अद्यतन करने और सभी खामियों को दूर करने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि आमजन के स्वास्थ्य से जुड़े प्रतिष्ठानों में किसी भी प्रकार की अनियमितता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। दवाओं की बिक्री केवल निर्धारित नियमों और वैधानिक प्रावधानों के अनुरूप ही की जानी चाहिए। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित