हल्द्वानी , जुलाई 09 -- मानसून सीजन को देखते हुए उत्तराखंड के हल्द्वानी में प्रशासन ने संवेदनशील क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को सतर्क करते हुए लगभग 150 भवन स्वामियों को गुरुवार को नोटिस जारी किये हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, उपजिलाधिकारी सुश्री मोनिका की अगुवाई में अधिकारियों की ओर से रक्सिया नाला, कलसिया नाला, देवखड़ी नाला के साथ ही गौला नदी के आसपास के संवेदनशील क्षेत्रों का संयुक्त रूप से निरीक्षण किया गया।
इस दौरान लगभग 150 संवेदनशील भवनों को चिह्नित कर नोटिस जारी किए गए। नोटिस के माध्यम से आगाह किया गया है कि मानसून के दौरान नदी और नालों का जलस्तर कभी भी अचानक बढ़ सकता है, जिससे जन-धन की हानि की आशंका हो सकती है। ऐसे में सभी परिवार प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करें और तत्काल सुरक्षित स्थानों पर स्थानांतरित हो जाएं।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने स्थानीय लोगों से नदी और नालों के किनारों पर अनावश्यक आवाजाही से बचने, बच्चों पर विशेष निगरानी रखने तथा किसी भी आपात स्थिति की सूचना तुरंत प्रशासन और जिला आपदा नियंत्रण कक्ष को देने की अपील की।
प्रशासन की ओर से स्पष्ट किया गया है कि संवेदनशील क्षेत्रों की लगातार निगरानी की जा रही है तथा सभी संबंधित विभागों को मानसून के दौरान किसी भी आपदा से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए पूरी सतर्कता और आवश्यक तैयारियाँ बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित