हल्द्वानी , जुलाई 16 -- उत्तराखंड के हल्द्वानी में महिला के साथ अभद्रता करने और जान से मारने की धमकी देने के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी का धमकी भरा वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हुआ था।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, 14 जुलाई को एक डिलीवरी बॉय पता पूछने के लिए पीड़िता के घर पहुंचा था। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाले सलीक अली ने बिना किसी कारण महिला के साथ गाली-गलौज शुरू कर दिया और अशोभनीय इशारे किए। विरोध करने पर आरोपी ने महिला पर हमला करने और उसको नुकसान पहुंचाने की धमकी दी।

बताया जा रहा है कि पीड़िता ने पुलिस को बताया कि आरोपी पहले भी कई बार उसके और उसकी बेटी के साथ अभद्रता और छेड़छाड़ जैसी हरकतें कर चुका है। घटना के बाद आरोपी का धमकी देता हुआ एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।

पीड़िता की तहरीर पर कोतवाली हल्द्वानी में आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर हल्द्वानी के प्रभारी निरीक्षक विजय मेहता के नेतृत्व में एक पुलिस टीम गठित की गई। पुलिस ने आरोपी सलीक अली को धारा 172 बीएनएसएस के तहत गिरफ्तार कर लिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित