हल्द्वानी , अप्रैल 28 -- उत्तराखंड की हल्द्वानी पुलिस ने महिलाओं के गले से मंगलसूत्र चोरी की घटना का खुलासा करते हुए उत्तर प्रदेश की एक शातिर महिला चोर को उसके पति के साथ गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी का माल भी बरामद कर लिया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) डा. मंजूनाथ टीसी ने मंगलवार को इस मामले का खुलासा करते हुए बताया कि कुसुमखेड़ा निवासी दीपा खडायत ने शिकायत दर्ज करायी कि गत नौ मार्च को कालाढूंगी टैंपो स्टैंड से घर लौट रही थी। ऑटो में सवार एक महिला ने भीड़ का फायदा उठाकर उसके गले से मंगलसूत्र चोरी कर लिया। इस पर कोतवाली हल्द्वानी में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच के दौरान आरोपी महिला मुस्कान (26) निवासी ब्रजधाम कॉलोनी, थाना हाईवे मथुरा की पहचान हुई। पुलिस ने 27 अप्रैल को हल्द्वानी रोडवेज स्टेशन के पास से उसे गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी महिला ने मुखानी क्षेत्र में भी इसी तरह की चोरी की घटना को अंजाम देना कबूल किया। जांच में यह भी सामने आया कि वह पहले भी ऐसी घटना में शामिल रही है। साथ ही उसके पति अमित चोरी की वारदातों में उसका सहयोग करता था। इसके बाद पुलिस ने उसे भी गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से दो मंगलसूत्र बरामद किए हैं। बरामदगी के आधार पर संबंधित मुकदमों में धाराओं में बढ़ोतरी की गई है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी महिला के खिलाफ पहले से एक मामला थाना मुखानी में दर्ज है, जबकि उसके पति के खिलाफ आगरा में डकैती, हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट और गैंगस्टर एक्ट के कई मामले दर्ज हैं।
इस कार्रवाई में पुलिस टीम के उपनिरीक्षक कृपाल सिंह, उपनिरीक्षक अविनाश मौर्य, हेड कांस्टेबल मनोज कुमार, कांस्टेबल रोहित कुमार और महिला कांस्टेबल राजवती शामिल रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित