हल्द्वानी , अगस्त 01 -- उत्तराखंड के हल्द्वानी में मार्निंग वॉक के दौरान बुजुर्ग महिला से सोने का कुंडल झपटने की घटना का नैनीताल पुलिस ने शनिवार को खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपी उप्र के बदायूं के रहने वाले हैं।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) डा0 मंजूनाथ टीसी के अनुसार गत 30 जुलाई को चम्पा देवी निवासी जगतपुरम कॉलोनी, हिम्मतपुर मल्ला, हल्द्वानी ने थाना मुखानी में तहरीर देकर खुलासा किया कि दो अज्ञात बदमाश मार्निंग वॉक के दौरान उसकी सास के कान से सोने का कुंडल झपटकर फरार हो गए।

पुलिस ने तत्काल भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 304(2) के तहत मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की।

पुलिस अधीक्षक , शहर मनोज कुमार कत्याल को घटना की जिम्मेदारी सौंपी गई। साथ ही एसओजी और मुखानी पुलिस को भी लगाया गया। जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में दो संदिग्ध युवक दिखाई देने पर उनकी पहचान के लिए मैन्युअल और तकनीकी सर्विलांस का सहारा लिया गया।

पुलिस टीम ने आज रिलायंस मॉल के पीछे स्थित आम के बगीचे में घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अजय निवासी वार्ड नंबर-1, बिल्सी, थाना बिल्सी, जनपद बदायूं (उत्तर प्रदेश) तथा सूरज जोशी निवासी वार्ड नंबर-8, बिल्सी, थाना बिल्सी, जनपद बदायूं (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान आरोपी अजय के कब्जे से झपटा गया सोने का एक कान का कुंडल बरामद हुआ। बरामदगी के बाद मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस भी जोड़ दी गई। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने बताया कि वे गली-गली घूमकर कबाड़ बीनने का काम करते हैं।

पुलिस के अनुसार आरोपी अजय के विरुद्ध थाना सिविल लाइन, बदायूं में धारा 115(2), 117(2), 351(2) एवं 352 बीएनएस में मुकदमा दर्ज है। उसके अन्य आपराधिक इतिहास की भी जानकारी जुटाई जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित