हल्द्वानी , अप्रैल 28 -- पश्चिम एशिया में चल रहे गतिरोध के बीच उत्तराखंड के हल्द्वानी में ऊर्जा सुरक्षा (घरेलू गैस) के मामले में बड़ी सफलता मिली है। यहां हिन्दुस्तान पेट्रोलियम कारपोरेशन लिमिटेड कंपनी द्वारा पाइप्ड नेचुरल गैस (पीएनजी) कनेक्शन देने का कार्य शुरू कर दिया गया है।
जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने इसकी जानकारी देते हुए मंगलवार को बताया कि हीरानगर, आकाशदीप कॉलोनी, बजरंग विहार, उदय भवानी-2, उत्तरांचल विहार, जज फार्म (ब्लॉक ए से एच), दुर्गापाल गार्डन, मृदुल विहार और जोशी कॉलोनी सहित कई क्षेत्रों में पीएनजी कनेक्शन स्थापित किए जा चुके हैं।
अधिकांश घरों में पाइपलाइन और मीटर लगाने का कार्य भी पूरा हो चुका है, जबकि बड़ी संख्या में लोग पंजीकरण करा रहे हैं।
उन्होंने पंजीकृत उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे हेल्पलाइन नंबर 9412087899 पर संपर्क कर अपना कनेक्शन सक्रिय कराएं। साथ ही स्पष्ट किया कि जिन घरों में पीएनजी सुविधा उपलब्ध हो गई है, उन्हें घरेलू एलपीजी सिलेंडर का लाभ नहीं मिलेगा। ऐसे उपभोक्ता अपने एलपीजी कनेक्शन संबंधित गैस एजेंसी में समर्पित करें, ताकि पीएनजी की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित की जा सके।
जानकारों के अनुसार, पश्चिम एशिया में चल रहे तनाव और आपूर्ति बाधाओं के चलते एलपीजी व पेट्रोलियम उत्पादों की वैश्विक कीमतों में उतार-चढ़ाव देखा जा रहा है। ऐसे समय में पीएनजी जैसी पाइप्ड गैस व्यवस्था स्थानीय स्तर पर अधिक स्थिर, सुरक्षित और किफायती विकल्प के रूप में उभर रही है।
पीएनजी कनेक्शन से जहां सिलेंडर की झंझट खत्म होती है, वहीं गैस की निरंतर आपूर्ति मिलती है और कीमतों में भी अपेक्षाकृत स्थिरता रहती है। इससे उपभोक्ताओं को न केवल सुविधा मिलेगी बल्कि अंतरराष्ट्रीय हालात के प्रभाव को भी काफी हद तक कम किया जा सकेगा।
श्री रयाल के अनुसार हल्द्वानी में पीएनजी का विस्तार शहर को आधुनिक ऊर्जा ढांचे की ओर ले जाएगा और भविष्य में यह प्रणाली आम लोगों के लिए अधिक भरोसेमंद विकल्प साबित होगी। उन्होंने आम जनता से अपील की है कि इसका अधिक से अधिक लाभ लें।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित