हल्द्वानी , अप्रैल 06 -- उत्तराखंड के नैनीताल जिले में प्रशासन नये शिक्षा सत्र को लेकर अलर्ट मोड पर है।
इसी कड़ी में जिला मजिस्ट्रेट ललित मोहन रयाल के निर्देश पर रविवार को विभिन्न बुक बिक्रेताओं की जांच के लिए तीन टीम गठित की गयी, जिसमें नगर मजिस्ट्रेट, उप जिलाधिकारी और तहसीलदार के नेतृत्व में शिक्षा विभाग के अधिकारियों के साथ-साथ राज्य कर विभाग के अधिकारी भी सम्मिलित रहे।
नगर मजिस्ट्रेट हल्द्वानी की टीम द्वारा वर्धमान बुक डिपो कालाढूंगी रोड पूरणमल एंड संस बुक डिपो कालाढूंगी रोड एवं करियर जोन कालाढूंगी रोड का निरीक्षण किया, निरीक्षण के दौरान उपस्थित अभिभावकों से भी फीडबैक लिया गया, कुछ अभिभावकों द्वारा कुछ विद्यालयों द्वारा दुकान विशेष की स्लिप देने का तथ्य संज्ञान में लाया गया, जिसके क्रम में सम्बंधित विद्यालय के विरुद्ध नोटिस जारी करने के लिए शिक्षा विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया गया।
टीमों के द्वारा सभी बुक सेलर से विभिन्न विद्यालयों में प्रचलित पुस्तकों की सूची और मूल्य सूची प्राप्त की गई, जिनके प्रथमदृष्टया अवलोकन से यह तथ्य संज्ञान में आया है, कि कुछ विद्यालयों द्वारा प्ले ग्रुप, प्री नर्सरी, एलकेजी एवं यूकेजी की कक्षाओं का भी संचालन किया जा रहा है, इसके दृष्टिगत शिक्षा विभाग के अधिकारियों को ऐसे विद्यालयों की मान्यता एवं पंजीकरण की जांच की निर्देश दिए गए। बुक सेलर्स से प्राप्त विद्यालयों में प्रचलित पुस्तकों की सूची एवं रेट लिस्ट की जांच की गई,उत्तराखंड विद्यलायी शिक्षा के द्वारा अधिकृत राष्ट्रीय शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद की पुस्तकों के यादृच्छिक नमूना भी दुकानों से प्रत्येक टीम द्वारा एकत्र किए गए। जिनके आईएसबीएन नंबर के साथ अन्य विवरण जांच एवं सत्यापन के लिए मुख्य शिक्षा अधिकारी को भेजा जा रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित