हल्द्वानी/नैनीताल , मई 09 -- उत्तराखंड के हल्द्वानी में चोरी के मामलों में पुलिस ने शातिर सपेरों के एक गिरोह का खुलासा करते हुए तीन लोगों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लगभग 25 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण और बर्तन भी बरामद किए हैं।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) डा0 मंजूनाथ टीसी ने शनिवार को इस मामले का खुलासा करते हुए बताया कि हल्द्वानी के मुखानी क्षेत्र में 30 अप्रैल और 01 मई की रात को दो घरों का ताला तोड़ कर चोर लाखों के सोने चांदी के जेवरात और महंगे सामान पर हाथ साफ कर लें गये थे।

पहली घटना में गत 05 मई को हरिपुर मोतिया निवासी मनोज कुमार जोशी ने तहरीर देकर आरोप लगाया कि 01 मई को वह कोटाबाग गए हुए थे और इसी दौरान उनके घर का ताला तोड़कर चोर सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर ले गए।

एक अन्य मामले में शुक्रवार 08 मई को लक्ष्मण सिंह निवासी पूरनपुर कृष्णापुर मुखानी ने शिकायत दर्ज कराई कि 30 अप्रैल की रात अज्ञात चोर चैनल और दरवाजे का लॉक तोड़कर घर में घुस गए तथा बेशकीमती सामान चोरी कर ले गए। दोनों मामलों में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 305ए/331(4) के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया।

एसएसपी के अनुसार दोनों मामलों में कई समानताएं थीं। दोनों परिवार घटना के दिन घर से बाहर थे। उन्होंने बताया कि मामले तत्काल खुलासे के लिए प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह मेहता और थानाध्यक्ष सुशील जोशी के नेतृत्व में संयुक्त पुलिस टीम गठित की गई।

पुलिस टीम ने घटनास्थलों के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले और स्थानीय लोगों से पूछताछ की। जांच में पता चला कि हरिद्वार नंबर की बाइक पर दो संदिग्ध घूम रहे थे। आखिरकार पुलिस ने आज बेल बाबा मंदिर के पास से तीन आरोपियों को चोरी के माल सहित गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रदीपनाथ उर्फ मंदीप पुत्र परवीन (20), गुरविंदर पुत्र देवीचंद(20) और रोहितास उर्फ पोपे उर्फ बासु पुत्र संतोषनाथ (21) निवासी सपेरा बस्ती, फेरूपुर थाना पथरी जिला हरिद्वार के रूप में हुई है।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे सपेरे का काम करते हैं और नैनीताल घूमने आए थे। वापसी के दौरान हल्द्वानी के टीपी नगर क्षेत्र में होटल में रुके तथा रात में बंद घरों की रेकी कर चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 25 लाख रुपये मूल्य के गहने बरामद कर लिए हैं। श्री मंजूनाथ के अनुसार आरोपी गुरविंदर के खिलाफ पहले भी थाना रायपुर और डोईवाला में आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं, जबकि अन्य आरोपियों का आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है।

कार्रवाई करने वाली टीम में वरिष्ठ उपनिरीक्षक रोहिताश सागर, उपनिरीक्षक मनोज कुमार, उपनिरीक्षक वीरेंद्र चंद्र, उपनिरीक्षक राजेंद्र सिंह, हेड कांस्टेबल इसरार नवी समेत कोतवाली हल्द्वानी और थाना मुखानी के कई पुलिसकर्मी शामिल रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित