हल्द्वानी , अगस्त 23 -- उत्तराखंड के हल्द्वानी के गोरापड़ाव में हुई लाखों की डकैती के मामले में पुलिस टीम ने चार और नकाबपोशों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से चार अवैध तमंचे, सात कारतूस, लूटी गई नकदी तथा घटना में प्रयुक्त वाहन भी बरामद किए गए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 19 अगस्त को गोरापड़ाव में 10-12 हथियारबंद बदमाशों ने लूटपाट की घटना को अंजाम देकर फरार हो गए थे। आरोपी लगभग आठ लाख रुपये, 12 मोबाइल फोन तथा तीन सोने की चेन तथा अंगूठी लूट कर ले गए थे।
वादी नारायण दास निवासी अंबा बिहार तीनपानी, हल्द्वानी की तहरीर पर कोतवाली हल्द्वानी में मामला दर्ज किया गया। लगभग 50 पुलिस अधिकारियों की विशेष टीम गठित की गई।
सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने दो आरोपी वंशप्रीत सिंह उर्फ पन्नू और रखवीर सिंह को 21 अगस्त को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की।
इसी कड़ी पुलिस को शनिवार देर रात को पुलिस सफलता मिली फरार चार आरोपियों यश सिडाना निवासी किच्छा, ऊधम सिंह नगर, अमनदीप सिंह निवासी जैतपुर, नई दिल्ली और शिवराज सिंह निवासी अमरिया, पीलीभीत तथा अफजल मलिक निवासी अमरिया, पीलीभीत को अलग अलग गिरफ्तार कर लिया।
आरोपियों से घटना में प्रयुक्त वाहन, चार तमंचे, कारतूस एवं नकदी बरामद हुई, जिसके आधार पर मामले में आर्म्स एक्ट की धाराएं भी बढ़ाई गईं। आरोपियों ने घटना में संलिप्तता स्वीकार कर लिया है।
आरोपी यश सिडाना पर किच्छा थाने में पहले से भी एक मामला दर्ज है जबकि अन्य आरोपियों का आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित