नैनीताल , मई 20 -- उत्तराखंड की हल्द्वानी पुलिस ने चेन स्नेचिंग के मामले में उत्तर प्रदेश के बरेली के एक शातिर हिस्ट्रीशीटर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से छीनी गई सोने की चेन, घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और अवैध तमंचा भी बरामद किया है।
पुलिस ने बुधवार को इस मामले का खुलासा करते हुए बताया कि विगत 08 मई को भोटियापड़ाव चौकी क्षेत्र में मोटरसाइकिल सवार अज्ञात बदमाश द्वारा एक महिला से सोने की चेन छीनकर फरार होने की घटना सामने आई थी। मामले में वादिनी श्रीमती नीता शाह निवासी तुलसी नगर पॉलीशीट काठगोदाम, जिला नैनीताल ने 18 मई को कोतवाली हल्द्वानी में तहरीर दी।
पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 304(2) के तहत अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की। प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह मेहता के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सर्वप्रथम घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी कैमरों को खंगाला।
आरोपी का नाम आकाश कुमार गौतम है। वह खना गोटिया, थाना सीबीगंज, जिला बरेली उत्तर प्रदेश का रहने वाला है। आखिरकार पुलिस ने पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से महिला से छीनी गई सोने की चेन, बिना नंबर की मोटरसाइकिल, 315 बोर खा तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया।
बरामदगी के आधार पर मुकदमे में भारतीय न्याय संहिता की धारा 317(2) की बढ़ोतरी की गई जबकि अवैध हथियार बरामद होने पर आरोपी के खिलाफ अलग से शस्त्र अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी सीबीगंज बरेली थाने का हिस्ट्रीशीटर है और उसके खिलाफ लूट, चोरी, शस्त्र अधिनियम, धोखाधड़ी समेत विभिन्न मामलों में 10 मुकदमे दर्ज हैं। यही नहीं आरोपी दो बार गुजरात पुलिस और रुद्रपुर पुलिस के साथ मुठभेड़ में भी घायल हो चुका है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित