भदोही , अगस्त 14 -- उत्तराखंड के हल्द्वानी में कांग्रेस रैली स्थल के कथित 'शुद्धिकरण' की घटना के विरोध तथा कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के समर्थन में जिला कांग्रेस कमेटी भदोही ने शुक्रवार को मार्च निकालकर सत्याग्रह किया।
जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष वसीम अंसारी के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं का मार्च मशाल रोड स्थित जिला कांग्रेस कार्यालय से शुरू होकर नगर पालिका भदोही परिसर स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा तक पहुंचा। वहां कार्यकर्ताओं ने सत्याग्रह कर सामाजिक भेदभाव, छुआछूत और असमानता के खिलाफ आवाज उठाई।
कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के समन्वयक एवं भदोही प्रभारी दयाशंकर पांडेय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सामाजिक समानता, भाईचारे और संविधान की मूल भावना की रक्षा के लिए निरंतर संघर्ष करती रही है। उन्होंने कहा कि किसी व्यक्ति या स्थान के कथित 'शुद्धिकरण' की घटना संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों में विश्वास रखने वाले समाज के लिए चिंता का विषय है।
श्री पांडेय ने कहा कि महात्मा गांधी और डॉ. भीमराव आंबेडकर ने समानता एवं सम्मान पर आधारित भारत की परिकल्पना की थी और कांग्रेस उसी विचारधारा को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि सामाजिक न्याय और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के सम्मान के मुद्दे पर पार्टी कार्यकर्ता एकजुट हैं।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष वसीम अंसारी तथा उपाध्यक्ष मुशीर इकबाल ने कहा कि हल्द्वानी की घटना केवल एक व्यक्ति या स्थान तक सीमित नहीं है, बल्कि यह समाज में भेदभाव और ऊंच-नीच की मानसिकता के खिलाफ आवाज उठाने का अवसर है। उन्होंने कहा कि देश के प्रत्येक नागरिक को समान सम्मान और अधिकार मिलना चाहिए।
उन्होंने कहा कि यह मार्च और सत्याग्रह संविधान की रक्षा, सामाजिक न्याय, भाईचारे और मानवीय गरिमा के समर्थन में आयोजित किया गया है। कांग्रेस नफरत और भेदभाव के खिलाफ तथा लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित