अलवर , अगस्त 14 -- उत्तराखंड में हल्द्वानी में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की जनसभा के बाद सभास्थल पर कथित रूप से शुद्धिकरण यज्ञ किये जाने के विरोध में शुक्रवार को राजस्थान में अलवर शहर कांग्रेस समिति ने प्रदर्शन किया।
जिला कांग्रेस समिति की ओर से अंबेडकर सर्किल पर सत्याग्रह आयोजित किया गया। इसके बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अंबेडकर सर्किल से स्कीम नंबर-10 स्थित जैन भवन घुमाव तक पैदल मार्च निकालकर विरोध दर्ज कराया।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर दलित विरोधी मानसिकता रखने और धर्म और जाति के आधार पर समाज को बांटने का आरोप लगाया। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि श्री खरगे की सभा के बाद मंच का कथित शुद्धिकरण किया जाना सामाजिक समानता और लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष प्रकाश गंगावत ने कहा कि भाजपा के लोग संविधान को खत्म करना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि श्री खरगे ने हल्द्वानी की सभा में सभी धर्मों और समाज को एकजुट होकर आगे बढ़ने का संदेश दिया था, लेकिन सभा के बाद मंच पर हवन और गंगाजल का छिड़काव किया गया। कांग्रेस ने इसे भाजपा और आरएसएस की कथित मानसिकता बताते हुए विरोध जताया।
अलवर शहर कांग्रेस अध्यक्ष रमन सैनी ने कहा कि इस तरह की घटनाओं को बढ़ावा देने वाले लोगों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि ऐसी मानसिकता समाज को बांटने का काम करती है। श्री खरगे की सभा के बाद कथित रूप से शुद्धिकरण किया जाना गंभीर विषय है और ऐसी मानसिकता रखने वालों के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई की जानी चाहिए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित