हल्दिया, अक्टूबर 14 -- हल्दिया पेट्रोकेमिकल्स लिमिटेड के अध्यक्ष पूर्णेंदु चटर्जी ने वर्ष 2047 तक पश्चिम बंगाल को 4.7 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने का आह्लवान किया। उन्होंने रोजगार और राज्य की कल्याणकारी योजनाओं को पूरा करने के लिए विनिर्माण एवं डीप-टेक उद्योगों के बड़े पैमाने पर विस्तार का प्रस्ताव रखा है।
श्री चटर्जी ने बुधवार को 'हल्दिया फिनोल एसीटोन प्रोजेक्ट' के उद्घाटन के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में कहा कि बंगाल के पास 14 से 15 प्रतिशत की वार्षिक वृद्धि दर हासिल करने के लिए जरूरी संसाधन और बौद्धिक पूंजी मौजूद है। राज्य को पारंपरिक उद्योगों से आगे बढ़कर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, डेटा सेंटर, रोबोटिक्स, क्वांटम टेक्नोलॉजी और अन्य उन्नत वैज्ञानिक क्षेत्रों के उभरते वैश्विक लाभ पूल का लाभ उठाना होगा।
उन्होंने 2047 के लिए एक समग्र राज्य मास्टर प्लान और दीर्घकालिक औद्योगिक विकास के वित्तपोषण के लिए एक स्थायी पूंजी कोष की मांग की। श्री चटर्जी ने तर्क दिया कि नए राजस्व स्रोतों को लाए बिना बंगाल के बढ़ते कर्ज और दायित्वों को पूरा नहीं किया जा सकता। श्री चटर्जी ने राज्य भर में पॉली पार्क, फिनोल पार्क, टेक्सटाइल और परिधान पार्क से कम से कम 10 लाख अतिरिक्त नौकरियां पैदा करने का प्रस्ताव रखा, जिसमें हल्दिया पेट्रोकेमिकल्स और अन्य औद्योगिक उद्यम केंद्रीय भूमिका निभाएंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित