चंडीगढ़ , मई 26 -- हरियाणा राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण ने पीजीआईएमईआर, चंडीगढ़ के सहयोग से स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया जिसमें 314 यूनिट रक्त एकत्र किया गया।

पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय के न्यायाधीश तथा हलसा के कार्यकारी अध्यक्ष न्यायमूर्ति दीपक सिबल के मार्गदर्शन में आयोजित शिविर का उद्घाटन पंजाब राज्य उपभोक्ता विवाद निवारण आयोग की सदस्य किरण सिबल ने किया।

किरण सिबल ने रक्तदान को महान मानवीय कार्य बताया। उन्होंने कहा कि रक्तदान केवल चिकित्सीय आवश्यकता नहीं, सामाजिक जिम्मेदारी भी है। युवाओं को जीवनरक्षक पहल में नियमित भाग लेने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने हलसा और पीजीआईएमईआर के प्रयासों की सराहना की।

जिला एवं सत्र न्यायाधीश तथा हलसा के सदस्य सचिव जगदीप सिंह लोहान ने कहा कि ऐसी पहल मानवीय मूल्यों और जनभागीदारी को बढ़ावा देती है। हलसा सामाजिक कल्याण के प्रति प्रतिबद्ध है। पंचकूला की पुलिस उपायुक्त सृष्टि गुप्ता और अतिरिक्त उपायुक्त निशा भी मौजूद रहीं। उन्होंने प्रतिभागियों को रक्तदान के लाभों के प्रति जागरूकता फैलाने के लिए प्रेरित किया।

शिविर में पीजीआईएमईआर के ट्रांसफ्यूजन मेडिसिन विभाग के अतिरिक्त प्रोफेसर डॉ. सुचेत सचदेव के नेतृत्व में 15-20 सदस्यीय चिकित्सा टीम ने सहयोग किया। शिविर में पुलिस अधिकारियों, आईटीबीपी जवानों, विभिन्न विभागों के अधिकारियों-कर्मचारियों, आम जनता, सामाजिक संगठनों और अधिवक्ताओं ने उत्साह से भाग लिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित